आयुष्मान भारत योजना में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय सम्मान, देश के बड़े राज्यों में बनाया नया रिकॉर्ड

भोपाल। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने प्रदेश को “Best Performing Large State – Highest Pre-Authorizations with Biometric Authentication” श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा है। यह सम्मान बायोमेट्रिक आधारित प्री-ऑथराइजेशन प्रणाली के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए दिया गया है।

मध्यप्रदेश ने इस श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के बड़े राज्यों में अग्रणी स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक आधारित सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जताई खुशी

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार और जनहित के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश की पूरी टीम, जिला अधिकारियों, चिकित्सालयों तथा योजना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान

नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित राष्ट्रीय समीक्षा बैठक (चिंतन शिविर) के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद शाह को यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल, संयुक्त सचिव किरण गोपाल वास्का तथा यूआईडीएआई (आधार) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

क्या है इस सम्मान का महत्व?

आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज की स्वीकृति (Pre-Authorization) में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण से पारदर्शिता बढ़ी है, फर्जी दावों पर रोक लगी है और पात्र हितग्राहियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिली है। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ।

About The Author