राजनांदगांव में 8 मनोनीत पार्षदों का हुआ स्वागत, महापौर बोले— शहर विकास में निभाएंगे अहम भूमिका

राजनांदगांव, 7 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नगर निगम राजनांदगांव के लिए मनोनीत किए गए 8 पार्षदों का सोमवार को निगम सभागार में आयोजित समारोह में भव्य स्वागत किया गया। महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी नवमनोनीत पार्षदों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।

महापौर ने कहा— निगम परिवार में हुआ विस्तार

महापौर मधुसूदन यादव ने सभी मनोनीत पार्षदों का स्वागत करते हुए कहा कि नगर निगम एक परिवार की तरह कार्य करता है, जहां जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मिलकर शहर के विकास एवं नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी मनोनीत पार्षदों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है और उनके सुझाव एवं मार्गदर्शन से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

इन 8 पार्षदों का हुआ स्वागत

समारोह में मनोनीत पार्षद नागेश यदु, करूणा राजपूत, हर्ष रामटेके, सूर्यकांत श्रीवास, मंजू यादव, भीषम देवांगन, कृति बोरकर और देवाशिष झा का महापौर, आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा तथा नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा ने कहा कि सभी नवमनोनीत पार्षद नई ऊर्जा के साथ शहर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि नगर निगम की सकारात्मक छवि और मजबूत हो।

वहीं नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने कहा कि मनोनीत पार्षदों के जुड़ने से निगम परिवार और मजबूत हुआ है। सभी को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर शहर हित में कार्य करना चाहिए।

आयुक्त बोले— विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने सभी पार्षदों का स्वागत करते हुए कहा कि अब महापौर सहित निगम में कुल 60 जनप्रतिनिधि हो गए हैं। इससे विकास कार्यों में और तेजी आएगी। उन्होंने सभी से शहर के समग्र विकास में सहयोग की अपेक्षा जताई।

स्वर्गीय तीजन बाई को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के अंत में पद्म विभूषण से सम्मानित विश्वविख्यात पंडवानी गायिका स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनके छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाले अतुलनीय योगदान को याद किया।

इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, वरिष्ठ सभापति खेमिन बाई यादव, कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल, महापौर परिषद के सदस्य, पार्षदगण तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

About The Author