छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर मंथन, CM साय ने जेपी नड्डा से की मुलाकात
नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत करने को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री के निवास पर हुई इस भेंट में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं, केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति और विशेष रूप से दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके निकट ही सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो।
इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं तक स्वास्थ्य तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ इलाकों पर विशेष फोकस
बैठक में बस्तर, सरगुजा सहित दूरस्थ, वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भौगोलिक परिस्थितियों के कारण इन क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहा है। ऐसे में राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार, चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता और आधुनिक उपचार सुविधाओं को इन क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए प्राथमिकता से काम कर रही है।
केंद्र की स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया।
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, गंभीर बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य बीमा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
🇮🇳 आयुष्मान भारत से जरूरतमंद परिवारों को लाभ
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। आयुष्मान भारत सहित केंद्र सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी केंद्र की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
केंद्र से सहयोग का आश्वासन
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को और गति मिलेगी। खासतौर पर दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के नागरिकों को आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी।
