डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, कहा- राष्ट्र निर्माण के प्रेरणास्रोत हैं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रख्यात शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्र की अखंडता के लिए दिया सर्वोच्च बलिदान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मां भारती के सच्चे सपूत थे, जिन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि देशहित और राष्ट्रीय एकता के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

विकसित भारत के निर्माण का दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्श, विचार और राष्ट्र निर्माण की भावना आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके बताए मार्ग पर चलते हुए विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी।

गणमान्यजन रहे उपस्थित

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

About The Author