राज्यपाल रमेन डेका ने प्रणवानंद अकादमी में रोबोटिक्स लैब का किया लोकार्पण, कहा- तकनीक मानवता के हित में होनी चाहिए

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने आज भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित प्रणवानंद अकादमी में अत्याधुनिक रोबोटिक्स लैबोरेट्री का लोकार्पण किया। इस प्रयोगशाला की स्थापना के लिए राज्यपाल ने अपने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीकी ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

तकनीक तभी सार्थक, जब मानवता के काम आए

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीकें मानव जीवन को सरल और सुविधाजनक बना रही हैं। लेकिन इनका वास्तविक महत्व तभी है, जब उनका उपयोग मानव कल्याण, समाज के विकास और जनहित के लिए किया जाए।

उन्होंने कहा कि तकनीक पर मनुष्य का नियंत्रण होना चाहिए, न कि तकनीक मनुष्य को नियंत्रित करे। हर नया आविष्कार और नवाचार मानवता के हित में होना चाहिए।

शिक्षा के साथ संस्कार भी हैं जरूरी

राज्यपाल ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान केवल उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों से नहीं होती, बल्कि ऐसे विद्यार्थियों से होती है जो ज्ञान के साथ संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दें। उन्होंने प्रणवानंद अकादमी की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण को भी समान महत्व दे रहा है।

विद्यार्थियों को दिया जीवन मूल्यों का संदेश

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में संतोष, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम सफलता की कुंजी हैं। चुनौतियां हर व्यक्ति के जीवन में आती हैं, लेकिन गिरकर फिर उठना और आगे बढ़ना ही सफलता का वास्तविक मार्ग है।

उन्होंने यह भी कहा कि समाज से हमें क्या मिला, यह सोचने के बजाय हमें यह विचार करना चाहिए कि हम समाज को क्या दे सकते हैं। सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता और पड़ोसियों के प्रति आत्मीयता की भावना जीवन को सार्थक और आनंदमय बनाती है।

बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित

कार्यक्रम में अकादमी के अध्यक्ष स्वामी शिवरूपानंद ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि प्राचार्य नीति यदुवंशी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author