डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को वन मंत्री केदार कश्यप ने दी श्रद्धांजलि, कहा- राष्ट्रभक्ति और समर्पण की अमर प्रेरणा हैं

रायपुर। प्रखर राष्ट्रवादी विचारक, महान शिक्षाविद एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने राजधानी रायपुर के शारदा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और जनसेवा में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

राष्ट्रहित के प्रति समर्पण से मिलती है प्रेरणा

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, समर्पण और राष्ट्रीय हित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया, जो आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

युवाओं से आदर्शों को अपनाने का आह्वान

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके आदर्श समाज में राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

जनप्रतिनिधियों ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रमेश सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

About The Author