अबूझमाड़ में विकास की नई धारा: जल जीवन मिशन से हर घर पहुंचा शुद्ध पानी, बदली कस्तूरमेटा की तस्वीर

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के सुदूर और दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र में विकास की एक नई मिसाल कायम हुई है। जिला मुख्यालय नारायणपुर से लगभग 80 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम कस्तूरमेटा में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। जो गांव कभी नदी, नालों और पहाड़ी झरनों पर निर्भर था, वहां आज हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंच रहा है।

महिलाओं को मिली बड़ी राहत, खत्म हुई पानी की मशक्कत

जल जीवन मिशन से पहले गांव की महिलाओं को रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलकर पानी लाना पड़ता था। इसमें उनका काफी समय और श्रम खर्च होता था, जिससे खेती, घरेलू कार्य और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। दूषित पानी के उपयोग के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा भी हमेशा बना रहता था।

अब घर-घर नल कनेक्शन मिलने से महिलाओं को इस कठिनाई से पूरी तरह राहत मिली है। उनका समय बच रहा है और वे खेती-किसानी व अन्य उत्पादक कार्यों में अधिक समय दे पा रही हैं।

सोलर आधारित जल व्यवस्था बनी गांव की ताकत

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और बिजली की अनिश्चितता को देखते हुए प्रशासन ने गांव में 10 हजार लीटर क्षमता की सोलर आधारित पानी टंकी स्थापित की। इसके साथ ही लगभग 2700 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर गांव के सभी 25 परिवारों को नल कनेक्शन से जोड़ा गया। अब पूरे गांव में नियमित और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।

स्वास्थ्य में आया बड़ा सुधार

स्वच्छ पेयजल मिलने से ग्रामीणों के स्वास्थ्य में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। जलजनित और मौसमी बीमारियों में उल्लेखनीय कमी आई है। ग्रामीणों का कहना है कि अब परिवार पहले की तुलना में अधिक स्वस्थ है और चिकित्सा पर होने वाला खर्च भी कम हुआ है।

‘हर घर जल उत्सव’ से दिया जल संरक्षण का संदेश

योजना की सफलता के बाद गांव में ‘हर घर जल उत्सव’ का आयोजन किया गया। ग्रामसभा के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल स्रोतों की स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने जल धरोहर को सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

अबूझमाड़ में विकास की नई पहचान

कस्तूरमेटा की यह सफलता साबित करती है कि सरकारी योजनाएं अब प्रदेश के सबसे दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं। जल जीवन मिशन ने न केवल लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया है, बल्कि महिलाओं का जीवन आसान बनाया, स्वास्थ्य में सुधार लाया और गांव के समग्र विकास की नई राह भी खोली है। यह पहल अबूझमाड़ में समावेशी विकास और बेहतर जीवन गुणवत्ता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

About The Author