कलेक्टर कार्यालय परिसर में SBI के नए एटीएम का शुभारंभ, 24×7 मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं
मनेन्द्रगढ़। जिले में बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के नए एटीएम का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और फीता काटकर एटीएम का विधिवत लोकार्पण किया।
अधिकारियों और आम नागरिकों को मिलेगा सीधा लाभ
इस अवसर पर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि कलेक्टर कार्यालय परिसर में एटीएम स्थापित होने से अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को नकदी निकासी सहित विभिन्न बैंकिंग सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध होंगी। इससे लोगों का समय बचेगा और डिजिटल बैंकिंग को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का विस्तार वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने के साथ-साथ आमजन को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
24×7 उपलब्ध रहेंगी बैंकिंग सुविधाएं
बैंक अधिकारियों ने बताया कि नए एटीएम के शुरू होने से कलेक्टर कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र के लोगों को 24×7 नकदी निकासी, बैलेंस इन्क्वायरी, मिनी स्टेटमेंट सहित अन्य एटीएम आधारित बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे बैंकिंग सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुलभ और प्रभावी होंगी।
बैंक अधिकारी भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अंबिकापुर के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रतीक अग्निहोत्री, जिला अग्रणी प्रबंधक बिजन नायक, एसबीआई मनेन्द्रगढ़ शाखा प्रबंधक उदय सिंह लोधी, बैंक के अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।
