जशपुर को मिलेंगे दो आधुनिक बस स्टैंड: दुलदुला और बंदरचुवा में तेजी से जारी निर्माण, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में आधारभूत अधोसंरचना को नई मजबूती मिल रही है। आम नागरिकों के लिए बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधाएं विकसित करने की दिशा में दुलदुला और बंदरचुवा में आधुनिक बस स्टैंडों का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है। गुरुवार को कलेक्टर रोहित व्यास ने दोनों निर्माणाधीन बस स्टैंडों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता से कोई समझौता न करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में बन रही दुकानों, प्रतीक्षालय, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों ताकि लंबे समय तक नागरिकों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि नया बस स्टैंड केवल बसों के ठहराव का स्थान नहीं होगा, बल्कि इसे सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यात्री-अनुकूल सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा।

करीब एक-एक करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण

दुलदुला और बंदरचुवा में आधुनिक बस स्टैंडों का निर्माण लगभग एक-एक करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव सहित इस मार्ग से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को आधुनिक यात्री सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही इन बस स्टैंडों के विकसित होने से आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

समय पर पूरा होगा निर्माण, गुणवत्ता पर रहेगा विशेष फोकस

कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य में और तेजी लाई जाए ताकि बस स्टैंड जल्द से जल्द आम नागरिकों के उपयोग के लिए तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

लोगों को होंगे ये प्रमुख लाभ

  • आधुनिक एवं सुरक्षित बस स्टैंड की सुविधा
  • स्वच्छ शौचालय और बेहतर प्रतीक्षालय
  • पर्याप्त बैठने की व्यवस्था
  • व्यवस्थित पार्किंग और सुरक्षित परिसर
  • स्थानीय व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
  • हजारों यात्रियों को आरामदायक यात्रा अनुभव

About The Author