स्कूटी पर निकले डिप्टी सीएम अरुण साव, 3 घंटे तक किया बिलासपुर का निरीक्षण; अधूरे कामों पर जताई नाराजगी

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव रविवार को एक अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने करीब तीन घंटे तक स्कूटी से बिलासपुर शहर का भ्रमण कर नगर निगम, स्मार्ट सिटी और लोक निर्माण विभाग की विभिन्न विकास परियोजनाओं का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि समय-सीमा में काम पूरा नहीं करने या लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मंगला स्थित 10 एमएलडी और 6 एमएलडी क्षमता के निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), कोनी कन्वेंशन सेंटर, शिवघाट बैराज, रामसेतु के बाईं ओर बन रहे अटल पथ, अशोकनगर-बिरकोना गौरव पथ सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधूरे कार्यों में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

एसटीपी निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी

उप मुख्यमंत्री साव ने एसटीपी परियोजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि ठेकेदार तय समय में कार्य पूरा नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी तथा नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे भी उनके साथ मौजूद रहे।

अरपा नदी के संरक्षण के लिए 250.93 करोड़ की योजना

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अरपा नदी बिलासपुर की जीवनदायिनी है और इसके संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने अरपा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए तैयार 250 करोड़ 93 लाख रुपये की परियोजना को सैद्धांतिक सहमति देते हुए इसे जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में शहर के लगभग 70 नालों का दूषित पानी सीधे अरपा नदी में गिर रहा है, जिससे नदी का जल प्रदूषित हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए तैयार डीपीआर के तहत 17 किलोमीटर क्षेत्र में फैले 70 नालों के दूषित जल को उपचारित करने की व्यापक योजना बनाई गई है।

परियोजना में 57 इंटरसेप्शन एवं डाइवर्जन स्ट्रक्चर, 13 डाइवर्जन वियर, 9.99 किलोमीटर डाइवर्जन सीवर, 2.77 किलोमीटर राइजिंग मेन, 3 सीवेज पंपिंग स्टेशन और 2 नए एसटीपी का निर्माण प्रस्तावित है। इससे नालों का गंदा पानी उपचार के बाद ही नदी में छोड़ा जाएगा।

बिजली, पार्किंग और अधोसंरचना सुधार पर भी जोर

उप मुख्यमंत्री ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि परियोजना की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर राज्य शासन से जल्द स्वीकृति प्राप्त की जाए। उन्होंने शहर में अव्यवस्थित बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों को व्यवस्थित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा भविष्य में नए खंभे लगाने से पहले नगर निगम की अनुमति अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए।

कोनी स्थित कन्वेंशन सेंटर के लिए पर्याप्त पार्किंग विकसित करने और उसके पीछे स्थित शासकीय भूमि का उपयोग पार्किंग के रूप में करने के निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिए।

जनहित सर्वोपरि, समय पर पूरे हों विकास कार्य

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ठेकेदारों को दंडित करना नहीं, बल्कि जनहित के कार्यों को समय पर पूरा कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाएं तय समय में पूरी होने से बिलासपुर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सीएसईबी, जल संसाधन विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

About The Author