पोलियो की दो बूंद से सुरक्षित होगा हर बचपन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अभिभावकों से की विशेष अपील

रायपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों, विशेषकर माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे जन्म से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने के लिए हर परिवार की भागीदारी बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि “जब बात बच्चों के भविष्य की हो, तो हमारी छोटी-सी सावधानी भी बड़ा बदलाव ला सकती है। पोलियो की दो बूंद केवल एक दवा नहीं, बल्कि हर बच्चे के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।” उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास भी यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर और अपंगता पैदा करने वाली बीमारी को केवल सामूहिक जागरूकता और नियमित टीकाकरण के माध्यम से ही पूरी तरह रोका जा सकता है। पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी प्रदेश के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर ‘जीवन की दो बूंद’ अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो का कोई इलाज नहीं है, लेकिन समय पर दी गई पोलियो की खुराक इस बीमारी से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है।

स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से आग्रह किया है कि चाहे बच्चे को पहले नियमित टीकाकरण या किसी पूर्व पल्स पोलियो अभियान में दवा मिल चुकी हो, फिर भी इस अभियान में पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। यही सतर्कता आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित और भारत को स्थायी रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखने की सबसे बड़ी ताकत है।

About The Author