एनएमईओ योजना के तहत किसानों को मिले उन्नत मूंगफली बीज, उत्पादन बढ़ाने पर जोर

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। किसानों की आय बढ़ाने और तिलहनी फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पेंड्रा विकासखंड के ग्राम कोटमीकला में भारत सरकार की राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ) योजना के अंतर्गत किसानों को उन्नत किस्म के मूंगफली बीज वितरित किए गए।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अमित कुमार तंवर, कृषि विकास अधिकारी मधुसूदन, क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा ग्राम पंचायत कोटमीकला के सरपंच भंवर सिंह अर्मो उपस्थित रहे।

योजना के तहत 10 हेक्टेयर प्रदर्शन रकबे के लिए चयनित 25 किसानों को मूंगफली के उन्नत बीज उपलब्ध कराए गए। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, आधुनिक कृषि तकनीकों और फसल की वैज्ञानिक देखभाल संबंधी विस्तृत जानकारी दी।

कृषि अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन का उद्देश्य तिलहनी फसलों की उत्पादकता बढ़ाकर देश में खाद्य तेल उत्पादन को प्रोत्साहन देना और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है। इसके लिए किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीजों के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान किसानों से शासन की कृषि हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाकर मूंगफली सहित तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया गया। कृषि विभाग का विश्वास है कि उन्नत बीजों और वैज्ञानिक खेती के माध्यम से किसानों की लागत कम होगी, उत्पादन बढ़ेगा और उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।

About The Author