जनचौपाल में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, सड़क, पेयजल और बिजली के लिए कई घोषणाएं

मुंगेली। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बिजली और पेयजल की समस्या प्रमुखता से उठाई। इस पर उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जमुनाही में सड़क की मरम्मत, गांव में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण तथा देवभूमि में हैंडपंप स्थापना की घोषणा की। साथ ही पेयजल संकट को देखते हुए टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना, पेंशन, राशन सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा गणेश चौक में गणेश पंडाल के लिए शेड निर्माण हेतु 3 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कोटरा-पथरा-मनियारी मार्ग पर पुल निर्माण का सर्वे पूरा हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी वितरित की।

सुरही गांव में उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वनांचल क्षेत्रों में बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने यहां 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी की।

ग्राम बम्हनी में आयोजित जनचौपाल के दौरान उन्होंने बताया कि गांव के 111 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा 206 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने निवासखार में पुलिया निर्माण के लिए भी शीघ्र प्रयास करने का भरोसा दिया।

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम कटामी और छपरवा में हैंडपंप स्थापना तथा पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम बिंदावल में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा करते हुए गांव में बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

जनचौपाल कार्यक्रम में मुंगेली के कलेक्टर श्री कुंदन कुमार, वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author