राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, बारिश में आवागमन बाधित न हो: मुकेश बंसल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कमर कस ली है। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने वरिष्ठ अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया तथा निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

रायपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता कार्यालय में आयोजित बैठक में श्री बंसल ने ठेकेदारों को निर्देशित किया कि जहां सड़क निर्माण कार्य जारी है, वहां वैकल्पिक अथवा डायवर्टेड मार्गों की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के मौसम में आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

केशकाल बायपास और बड़े पुलों के कार्य में तेजी

समीक्षा के दौरान उन्होंने केशकाल घाटी बायपास परियोजना को प्राथमिकता देते हुए सड़क निर्माण के साथ-साथ प्रस्तावित दो बड़े पुलों के निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी अभिजीत कुमार तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार भी उपस्थित रहे।

भारतमाला परियोजना की सड़कों से मिलेगा विकास को नया आयाम

एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार ने जानकारी दी कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और दुर्ग-आरंग बायपास मार्ग का निर्माण कार्य अगले वर्ष मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

श्री बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारतमाला परियोजना की सड़कों से राज्य को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए इन्हें राज्य की टू-लेन और फोर-लेन सड़कों से जोड़ने के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन कॉरिडोरों के शुरू होने से छत्तीसगढ़ के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी तथा माल और यात्री परिवहन अधिक सुगम होगा।

फ्लाईओवर परियोजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा

बैठक में रायपुर के तेलीबांधा चौक, उद्योग भवन चौक और सरोना चौक में प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजनाओं की स्वीकृति प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। सचिव ने भूमि अधिग्रहण और वन-व्यपवर्तन से जुड़े लंबित मामलों की जानकारी समय पर उच्च कार्यालयों को भेजने के निर्देश दिए, ताकि उनके शीघ्र निराकरण की कार्रवाई की जा सके।

सड़क सुरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष जोर

मुकेश बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स समाप्त करने, मानकों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनाने तथा नियमित फील्ड निरीक्षण के माध्यम से गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी हों। गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों ही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

ठेकेदारों को स्पष्ट संदेश: गुणवत्ता से समझौता नहीं

समीक्षा बैठक के बाद सचिव ने निर्माण कार्य कर रही एजेंसियों और ठेकेदारों से अलग बैठक कर जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं राज्य की प्रतिष्ठा से जुड़ी हैं और इनके निर्माण में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “अनुबंध के अनुरूप कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। गुणवत्ता और समयसीमा का पूर्ण पालन हो। राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण छत्तीसगढ़ के विकास का आधार है और इसमें उत्कृष्टता ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।”

About The Author