सैनिक स्कूल अंबिकापुर को मिली आधुनिक खेल सुविधा, पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट और परमवीर गैलरी का लोकार्पण
अंबिकापुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर में नव-निर्मित अत्याधुनिक पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन भव्य एवं गरिमामय समारोह में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा सरगुजा कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अतिथियों ने उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर आधुनिक पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट विद्यालय और कैडेट्स को समर्पित किया। कार्यक्रम की शुरुआत परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने देश के वीर सैनिकों के सम्मान में स्थापित ‘परमवीर गैलरी’ का भी लोकार्पण किया।
परमवीर गैलरी से मिलेगी राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा
परमवीर गैलरी में परमवीर चक्र विजेताओं के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रसेवा की प्रेरक गाथाओं को प्रदर्शित किया गया है। यह गैलरी विद्यार्थियों और कैडेट्स में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता तथा कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
खेल और शिक्षा दोनों में उत्कृष्टता जरूरी : मंत्री अग्रवाल
अपने संबोधन में मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अधोसंरचना विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा खेल सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल भविष्य के खिलाड़ियों, अधिकारियों और नेतृत्वकर्ताओं के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।
कैडेट्स ने दिखाया खेल कौशल

उद्घाटन समारोह के दौरान नव-निर्मित बैडमिंटन कोर्ट पर प्रदर्शनी मैचों का आयोजन किया गया। कैडेट्स ने उत्साह और ऊर्जा के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा।
राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी : प्राचार्या
विद्यालय की प्राचार्या कर्नल रीमा सोबती ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन, खेल गतिविधियों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण से कैडेट्स को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय के अधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे। समारोह का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट और परमवीर गैलरी का लोकार्पण सैनिक स्कूल अंबिकापुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को और अधिक सशक्त करेगा।
