हल्बा समाज देश के सबसे संगठित आदिवासी समुदायों में से एक, सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख की घोषणा : डॉ. रमन सिंह
राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हल्बा समाज छत्तीसगढ़ के सबसे संगठित, जागरूक और प्रगतिशील आदिवासी समुदायों में से एक है। समाज ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने समाज की मांग पर राजनांदगांव के वार्ड क्रमांक-22 रेवाडीह में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
डॉ. सिंह रविवार को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज केंद्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं प्रथम सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
संगठन की ताकत से मिली अलग पहचान
उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि हल्बा समाज की मजबूत संगठनात्मक संरचना उसे देशभर में एक विशिष्ट पहचान दिलाती है। समाज की एकजुटता और सामाजिक चेतना अन्य समुदायों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
आदिवासी समाज ने हर दौर में निभाई अग्रणी भूमिका
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आदिवासी समाज ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर जल, जंगल और जमीन के संरक्षण तक हर क्षेत्र में प्रेरणादायी भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज के सम्मान और विकास को नई दिशा मिली है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वनधन विकास केंद्र, पीएम जनमन योजना और धरती आबा उत्कर्ष ग्राम अभियान जैसी योजनाएं आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू और मुख्यमंत्री साय आदिवासी गौरव के प्रतीक
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नेतृत्व आदिवासी समाज के बढ़ते सम्मान और गौरव का प्रतीक है। उनकी उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
युवाओं और महिलाओं को आगे बढ़ाने का आह्वान
डॉ. सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से युवाओं को शिक्षा से जोड़ने, महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
