आकाशीय बिजली का कहर: डुमरपाली में 40 मवेशियों की मौत, पशुधन विभाग अलर्ट मोड पर
धमतरी। जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम डुमरपाली में आकाशीय बिजली गिरने से लगभग 40 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। 17 जून की रात हुई इस प्राकृतिक आपदा ने पशुपालकों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पशुधन विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
घुमंतू चरवाहों के थे मृत पशु
विभागीय अधिकारियों ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से चर्चा कर घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि मृत भेड़-बकरियां अन्य राज्यों से आए घुमंतू चरवाहों की थीं। बिजली गिरने की घटना के बाद चरवाहों ने मृत पशुओं को नियमानुसार गड्ढा खोदकर सुरक्षित तरीके से दफना दिया और आगे की यात्रा पर निकल गए।
संक्रमण या बीमारी फैलने का खतरा नहीं
पशुधन विकास विभाग की टीम ने दफन स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में किसी भी प्रकार के संक्रमण या पशुजनित बीमारी (जूनोटिक डिजीज) फैलने की आशंका नहीं है। सभी आवश्यक सावधानियां बरती गई हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
24 घंटे निगरानी में विभाग
विभाग ने घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आंकड़ों का संकलन कर लिया है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पशुधन विकास विभाग ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें 24×7 सक्रिय हैं।
आसपास के गांवों पर भी नजर
एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र और आसपास के गांवों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग का कहना है कि भविष्य में किसी भी संभावित समस्या से बचाव के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
