अवैध मुरूम उत्खनन पर खनिज विभाग का शिकंजा, जेसीबी जब्त
धमतरी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। अवैध मुरूम उत्खनन की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगरी तहसील के ग्राम फरसिया में उत्खनन में लगी एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार 18 जून को विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां टायर माउंटेड जेसीबी मशीन के माध्यम से अवैध मुरूम उत्खनन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मशीन को जब्त कर लिया गया और संबंधित प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही अर्थदंड की कार्रवाई भी की जा रही है।
181 मामलों में कार्रवाई, 49 लाख से अधिक की वसूली
खनिज विभाग ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 अप्रैल से 15 जून 2026 तक कुल 181 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। इन मामलों में 49 लाख 24 हजार 330 रुपये की शास्ति राशि भी वसूल की जा चुकी है।
अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
