नशामुक्त भारत सप्ताह का आगाज: विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले में 17 जून से 26 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे नशामुक्त भारत सप्ताह का शुभारंभ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मोहला में जागरूकता कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिता और शपथ ग्रहण समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए हानिकारक है तथा इससे दूर रहकर ही स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जिया जा सकता है।
क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
नशामुक्ति विषय पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की जागरूकता और ज्ञान का परीक्षण किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
नशामुक्त समाज निर्माण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों को नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी, श्रम निरीक्षक, विद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
10 दिनों तक चलेंगी जागरूकता गतिविधियां
उल्लेखनीय है कि जिले में 17 जून से 26 जून 2026 तक नशामुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, रैलियां और जनसंदेश अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।
