राजधानी की कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
रायपुर। कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला से मुलाकात कर शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था, ट्रैफिक अव्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने कहा कि राजधानी में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं और कई इलाकों में खुलेआम नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हत्या, लूट और चोरी जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जो पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने ट्रैफिक व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि शहर में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है और पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के बावजूद लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है, जिससे जनता को बेवजह परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि बदमाशों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, शहर में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, सुबोध हरितवाल सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
