धान भंडारण में सूखत प्राकृतिक प्रक्रिया, भ्रम फैलाने के दावे तथ्यहीन



रायपुर, 14 जनवरी 2026। धान खरीदी एवं भंडारण व्यवस्था में सूखत तथा चूहा व अन्य कीटों के कारण धान के नुकसान को लेकर कुछ स्थानों पर फैलाया जा रहा भ्रम तथ्यों से परे है। वास्तविकता यह है कि धान भंडारण के दौरान नमी में कमी के कारण वजन में आंशिक गिरावट यानी सूखत एक स्वाभाविक और तकनीकी प्रक्रिया है, जो वर्षों से चली आ रही है और देश के सभी धान उत्पादक राज्यों में देखी जाती है।

सरकारी अभिलेखों के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में 6.32 प्रतिशत तथा 2020-21 में 4.17 प्रतिशत सूखत दर्ज की गई थी। ये आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि सूखत कोई नई या अचानक उत्पन्न हुई स्थिति नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली भौतिक और तकनीकी प्रक्रिया है।

धान संग्रहण केंद्रों में नमी, तापमान, भंडारण अवधि, परिवहन और वातावरण के प्रभाव से धान के वजन में प्राकृतिक रूप से कुछ प्रतिशत की कमी आती है। इसे वैज्ञानिक रूप से मॉइस्चर लॉस या ड्रायिंग लॉस कहा जाता है। इस प्रक्रिया को पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता, लेकिन इसे नियंत्रित, मापा और पारदर्शी बनाया जा सकता है।

खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में लगभग 3.49 प्रतिशत सूखत की संभावना व्यक्त की गई है, जो पूर्व वर्षों के औसत के अनुरूप है और असामान्य नहीं मानी जाती।

वर्तमान धान खरीदी व्यवस्था में संग्रहण केंद्रों पर डिजिटल स्टॉक एंट्री, वजन सत्यापन, गुणवत्ता परीक्षण, गोदाम ट्रैकिंग, परिवहन और उठाव की निगरानी जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, जिससे किसी भी स्तर पर अनियमितता की तुरंत पहचान की जा सके। अब सूखत केवल अनुमान नहीं, बल्कि डेटा आधारित और ट्रैक योग्य प्रक्रिया बन चुकी है। जहां यह प्राकृतिक सीमा में रहती है, उसे सामान्य माना जाता है और जहां यह असामान्य रूप से अधिक पाई जाती है, वहां जांच कर जिम्मेदारी तय की जाती है।

धान खरीदी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को उनके धान का पूरा और न्यायसंगत मूल्य मिले, भंडारण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो और पूरी प्रणाली पारदर्शी व विश्वसनीय बनी रहे।

प्रदेश की धान खरीदी प्रणाली डिजिटल टोकन, ऑनलाइन भुगतान, स्टॉक ट्रैकिंग और शिकायत निवारण जैसी सुविधाओं के माध्यम से देश की सबसे संगठित और निगरानी आधारित व्यवस्थाओं में शामिल हो चुकी है। इससे किसानों का विश्वास मजबूत हुआ है और व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ी है।

अतः यह स्पष्ट किया जाता है कि सूखत भंडारण की एक वैज्ञानिक वास्तविकता है, जिसे अब पूरी पारदर्शिता, निगरानी और नियंत्रण के साथ संचालित किया जा रहा है।

About The Author