बांग्लादेश के जशोर में हिंदू व्यवसायी व पत्रकार की गोली मारकर हत्या, अल्पसंख्यकों पर हमलों से आक्रोश
ढाका। बांग्लादेश के जशोर जिले में सोमवार को हिंदू व्यवसायी और स्थानीय समाचार पत्र के कार्यवाहक संपादक राणा प्रताप बैरागी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना हाल के दिनों में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों की श्रृंखला में पांचवीं वारदात बताई जा रही है।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब छह बजे मणिरामपुर उपजिला के कपालिया बाजार में हुई। राणा प्रताप बैरागी अपनी बर्फ फैक्ट्री के पास मौजूद थे, तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावर वहां पहुंचे और उन्हें पास की एक गली में बुलाया। वहां कहासुनी के बाद हमलावरों ने उनके सिर पर कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से सात खाली कारतूस बरामद किए हैं।
राणा प्रताप बैरागी केशबपुर उपजिला के आड़ुआ गांव के निवासी थे और नड़ाइल से प्रकाशित दैनिक बीडी खबर के कार्यवाहक संपादक के रूप में कार्यरत थे। स्थानीय यूनियन परिषद अध्यक्ष अख्तर फारुक मिंटू ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
इस घटना के बाद हिंदू समुदाय में आक्रोश का माहौल है। लोग निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग कर रहे हैं। हाल के दिनों में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं बढ़ने से समुदाय में भय और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
