Dinesh Chandimal Injured: भारत के खिलाफ टेस्ट में श्रीलंका को बड़ा झटका, स्कैन के लिए अस्पताल पहुंचे चांदीमल

नई दिल्ली। भारत के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए। उनके दाहिने कंधे और गर्दन में चोट लगी है। एहतियात के तौर पर उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

बाउंड्री रोकने के दौरान लगी चोट

मंगलवार को मुकाबले के पहले सत्र में दिनेश चांदीमल बाउंड्री रोकने के लिए डाइव लगा रहे थे। उन्होंने केएल राहुल के डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में खेले गए स्वीप शॉट को रोकने की कोशिश की।

गेंद को रोकने के बाद चांदीमल मैदान पर गिर गए और उनके शरीर का पूरा वजन गर्दन पर आ गया। इसके बाद वह गर्दन के पीछे हाथ रखते हुए नजर आए। मैदान पर मौजूद फिजियो ने तत्काल उनकी जांच की, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया।

स्कैन रिपोर्ट के बाद पता चलेगी चोट की गंभीरता

श्रीलंका क्रिकेट के अनुसार, टीम के फिजियोथेरेपिस्ट और डॉक्टरों ने मैदान पर चांदीमल की जांच की। इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।

अब उनकी स्कैन रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि चोट कितनी गंभीर है और वह दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं।

पहली पारी में सिर्फ 4 रन बना सके थे चांदीमल

दिनेश चांदीमल श्रीलंका की टीम में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हैं। भारत के खिलाफ पहली पारी में उनका बल्ला नहीं चला और वह सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि दूसरी पारी में श्रीलंका को उनकी जरूरत पड़ सकती है, ऐसे में उनकी चोट टीम के लिए चिंता का विषय बन गई है।

भारत की स्थिति मजबूत, बढ़त 350+ रन के पार

मुकाबले में भारत ने पहली पारी में 462 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 167 रन, जबकि केएल राहुल ने 82 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई और भारत को 178 रन की बढ़त मिली।

भारत की दूसरी पारी जारी है और टीम की कुल बढ़त 350 रन के पार पहुंच चुकी है। ऐसे में श्रीलंका के सामने चौथी पारी में बड़ा लक्ष्य आने की संभावना है और चांदीमल की फिटनेस टीम के लिए बेहद अहम हो सकती है।

About The Author