रायपुर में फार्म हाउस पर जुआ खेलते 16 जुआरी गिरफ्तार, ड्रोन से हुई कार्रवाई, 31 लाख की संपत्ति जब्त


रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस में जुआ खेलते 16 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह संयुक्त कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना मुजगहन पुलिस द्वारा की गई, जिसमें ड्रोन कैमरे की मदद से जुआ खेले जाने की पुष्टि की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मुजगहन क्षेत्र के आउटर इलाके में स्थित फार्म हाउसों में जुआ और पार्टियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा सतत निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में 28 दिसंबर 2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली कि हंसी खुशी फार्म हाउस में अवैध रूप से जुआ का फड़ संचालित किया जा रहा है।

सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरे से निगरानी की, जिसमें फार्म हाउस के भीतर ताशपत्ती के माध्यम से रुपयों का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते लोग स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। पुष्टि होते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल छापेमारी की।

रेड कार्रवाई के दौरान मौके से 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 12 हजार 600 रुपये नकद, 2 चारपहिया वाहन, 8 दोपहिया वाहन, 17 मोबाइल फोन और ताशपत्ती बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 31 लाख रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना मुजगहन में जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि फार्म हाउस मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में संलिप्तता पाए जाने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने रायपुर पुलिस की सराहना की है। अधिकारियों ने जुआ और सट्टा गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर और आउटर क्षेत्रों में आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

About The Author