सूरजपुर में जर्जर स्कूल भवन का प्लास्टर गिरा, शिक्षक घायल; बाल-बाल बचे छात्र
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जर्जर स्कूल भवन का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिरने से एक शिक्षक घायल हो गया। हादसा प्रतापपुर विकासखंड के हरिहरपुर स्थित नेवारडांड प्राथमिक शाला में हुआ। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
अचानक भरभराकर गिरा छज्जे का प्लास्टर
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। इसी दौरान शिक्षक उसकी चपेट में आ गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। हादसे के बाद स्कूल में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
गनीमत रही कि जिस समय प्लास्टर गिरा, उस स्थान के आसपास बच्चे मौजूद नहीं थे। यदि छात्र वहां होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
स्कूल भवन से प्लास्टर गिरने की घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल भवन की जर्जर स्थिति और उसके रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
परिजनों ने की स्कूल भवन की मरम्मत की मांग
हादसे के बाद छात्रों के परिजनों ने स्कूल भवन की स्थिति की जांच कराने और जर्जर हिस्सों की तत्काल मरम्मत की मांग की है। परिजनों का कहना है कि सरकारी स्कूल भवनों का नियमित निरीक्षण और समय-समय पर मरम्मत जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
घटना ने एक बार फिर स्कूल भवनों की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
