बिलासपुर: राज्य युवा महोत्सव का आज आगाज, 3000 युवा लेंगे हिस्सा
बिलासपुर, 23 दिसंबर 2025। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित राज्य युवा महोत्सव का आगाज आज बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में हो रहा है। तीन दिवसीय यह महोत्सव 25 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें लगभग 3000 युवा भाग लेंगे। जिला स्तरीय युवा उत्सव के विजेता प्रतिभागी 14 विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करेंगे। राज्य महोत्सव के विजेता अगले वर्ष राष्ट्रीय युवा महोत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। उद्घाटन समारोह में प्रथम खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स की लॉन्चिंग सेरेमनी भी होगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता करेंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि होंगे। राज्यपाल रमेन डेका 25 दिसंबर को समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
महोत्सव में दलीय विधाओं में लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड एवं एकांकी तथा एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) एवं पारंपरिक वेशभूषा में प्रतियोगिताएं होंगी। लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला एवं कविता लेखन के विजेता राष्ट्रीय युवा उत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दलीय विधाओं में प्रथम स्थान पर 20 हजार रुपये, द्वितीय पर 15 हजार रुपये तथा तृतीय पर 10 हजार रुपये पुरस्कार राशि दी जाएगी। एकल विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर क्रमशः 5 हजार, 3 हजार एवं 2 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को 1 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 23 दिसंबर को शाम 5 बजे से आरूग बैंड (अनुज शर्मा) की प्रस्तुति एवं मल्लखंब प्रदर्शन तथा रात साढ़े 8 बजे बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में कवि सम्मेलन होगा, जिसमें डॉ. कुमार विश्वास सहित अन्य कवि भाग लेंगे। 24 दिसंबर को शाम 6 बजे से काफिला बैंड एवं स्वप्निल लाइव बैंड तथा 25 दिसंबर को शाम 6 बजे से आरू साहू एवं दायरा (बस्तर) बैंड की प्रस्तुति होगी। समापन में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
