रायपुर: व्याख्याताओं की प्राचार्य पद पर पदोन्नति के लिए 24 दिसंबर को काउंसलिंग

रायपुर, 22 दिसंबर 2025। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने प्रदेशभर में प्राचार्यों के रिक्त पदों पर टी संवर्ग के व्याख्याताओं को पदोन्नति देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सभी संभागीय संयुक्त संचालकों को रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। काउंसलिंग प्रक्रिया 24 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी।

शासन के निर्देश पर यह प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। 19 नवंबर 2025 को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में पुनरीक्षित विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हुई थी। बैठक के बाद व्याख्याता, व्याख्याता (एल.बी.) एवं प्रशिक्षित स्नातकोत्तर संवर्ग से प्राचार्य (टी संवर्ग) पद पर पदोन्नति के लिए पात्र अधिकारियों को काउंसलिंग आधारित पदोन्नति-सह-पदस्थापना की अनुमति दी गई है।

काउंसलिंग 24 दिसंबर को रायपुर स्थित लोक शिक्षण संचालनालय, प्रथम तल, सी खंड, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर में पारदर्शी तरीके से होगी। पदोन्नत प्राचार्यों की काउंसलिंग सूची एवं रिक्त पदों की सूची 22 दिसंबर को विभागीय पोर्टल eduportal.cg.nic.in पर अपलोड कर दी गई है। संभागीय संयुक्त संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि सूचियां जिला शिक्षा अधिकारियों तक तत्काल प्रसारित करें तथा आपत्तियां 23 दिसंबर अपरान्ह 4 बजे तक विशेष पत्रवाहक से डीपीआई कार्यालय पहुंचाएं।

डीपीआई ने संभागीय संयुक्त संचालकों से पदोन्नत प्राचार्यों की काउंसलिंग सूची, उसी स्थान पर पदस्थापना प्रस्ताव (गैर-काउंसलिंग) की सूची, सेवानिवृत्त एवं अन्य कारणों से काउंसलिंग में शामिल न होने वाले अधिकारियों की सूची तथा रिक्त प्राचार्य पदों की अंतिम सूची मांगी है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस प्रक्रिया से लंबे समय से रिक्त प्राचार्य पदों की समस्या का समाधान होगा। इससे शैक्षणिक प्रशासन मजबूत होगा तथा विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण और शासकीय कार्यप्रणाली में सुधार आएगा। डीपीआई ने समय-सीमा के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए हैं ताकि काउंसलिंग बिना व्यवधान के संपन्न हो सके।

About The Author