शीतकालीन भीड़ के बीच हावड़ा-सीएसएमटी के लिए विशेष ट्रेन, 11 और 13 दिसंबर को चलेगी स्पेशल ट्रेन
रायपुर। शीतकालीन मौसम में यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी और कई ट्रेनों में सीट उपलब्ध न होने की स्थिति को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसी क्रम में हावड़ा-सीएसएमटी के बीच एक फेरे के लिए विशेष शीतकालीन ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 11 दिसंबर को हावड़ा से और 13 दिसंबर को सीएसएमटी से रवाना होगी। इस ट्रेन का स्टॉपेज बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया स्टेशनों पर रहेगा।
11 दिसंबर को हावड़ा से चलेगी स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 02870 हावड़ा-सीएसएमटी विंटर स्पेशल ट्रेन 11 दिसंबर को दोपहर 13.55 बजे हावड़ा से रवाना होगी। यह खड़गपुर 15.30 बजे, टाटानगर 17.23 बजे, राउरकेला 19.52 बजे और झारसुगुड़ा 22.03 बजे पहुंचेगी।
दूसरे दिन यह बिलासपुर 1.15 बजे, रायपुर 3.15 बजे, दुर्ग 4.15 बजे, गोंदिया 6.05 बजे, नागपुर 8.10 बजे, बडनेरा 11.10 बजे, अकोला 12.10 बजे, भुसावल 14.50 बजे, नासिक रोड 18.30 बजे और कल्याण 22.05 बजे पहुंचेगी। ट्रेन रात 23.45 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी।
13 दिसंबर को सीएसएमटी से लौटेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 02869 सीएसएमटी–हावड़ा स्पेशल ट्रेन 13 दिसंबर को सुबह 11.05 बजे सीएसएमटी से रवाना होगी। यह कल्याण 12.10 बजे, नासिक रोड 15.15 बजे, भुसावल 18.50 बजे, अकोला 21.00 बजे और बडनेरा 22.55 बजे पहुंचेगी।
दूसरे दिन यह नागपुर 1.25 बजे, गोंदिया 3.25 बजे, दुर्ग 5.05 बजे, रायपुर 5.43 बजे, बिलासपुर 7.40 बजे, झारसुगुड़ा 11.20 बजे, राउरकेला 12.50 बजे, टाटानगर 15.50 बजे और खड़गपुर 18.10 बजे पहुंचेगी। ट्रेन हावड़ा रात 20.55 बजे पहुंचेगी।
ट्रेन में उपलब्ध कोच सुविधा
इस स्पेशल ट्रेन में 1 एसएलआरडी, 4 सामान्य कोच, 6 स्लीपर, 2 एसी थ्री इकोनॉमी, 5 एसी थ्री टियर, 2 एसी टू टियर और 1 जनरेटर कार शामिल रहेगी।
रेल प्रशासन का कहना है कि बढ़ती मांग को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए आगे भी आवश्यकता अनुसार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
