जापान : उत्तर-पूर्वी तट पर 7.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, तीन मीटर तक ऊंची सुनामी की चेतावनी
नई दिल्ली। जापान के उत्तर-पूर्वी तट से दूर समुद्र में सोमवार रात 11:15 बजे (स्थानीय समय) 7.6 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र आओमोरी प्रांत के तट से लगभग 80 किलोमीटर दूर और 50 किलोमीटर गहराई पर था।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने तुरंत होक्काइडो, आओमोरी और इवाते प्रांतों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की। एजेंसी के अनुसार लहरें तीन मीटर तक ऊंची हो सकती हैं। लोगों से तत्काल ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
भूकंप के तेज झटके जापान के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में बड़े पैमाने पर महसूस किए गए। फिलीपींस की भूकंप निगरानी एजेंसी फीवोल्क्स ने भी तीव्रता 7.6 दर्ज की, लेकिन स्पष्ट किया कि फिलीपींस को सुनामी का कोई खतरा नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भी तीव्रता 7.6 ही बताई है।
जापान में आपातकालीन सेवाएं सक्रिय कर दी गई हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
