प्रेमी की हत्या के मामले में छह गिरफ्तार, जातिगत विवाद को बताया वजह

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के नांदेड़ में 20 वर्षीय युवक सक्षम टेट की हत्या के मामले में उसकी प्रेमिका आंचल के माता-पिता, भाई सहित छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आंचल के परिवार ने जातिगत मतभेद के कारण सक्षम की हत्या की और बाद में आंचल ने अपने प्रेमी के शव के साथ प्रतीकात्मक विवाह किया।

घटना गुरुवार शाम की है, जब आंचल के नाबालिग भाई ने सक्षम को गोली मारी। गोली उसके सिर में लगी और इसके बाद सिर को पत्थर से भी कुचला गया। पुलिस ने बताया कि हत्या में कई लोग शामिल थे, जिन्हें युवक और युवती के संबंधों पर आपत्ति थी।

आंचल ने दावा किया है कि उसके परिवार ने उसे धोखा दिया। उसके अनुसार, वह और सक्षम तीन साल से साथ थे और उसके भाइयों ने शादी कराने का भरोसा दिया था, लेकिन अंतिम समय में उन्होंने हत्या की साजिश रच दी। आंचल ने दो पुलिसकर्मियों पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने उसके भाइयों को सक्षम पर हमला करने के लिए उकसाया।

पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों को नामजद किया है, जिनमें से छह गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि दो फरार हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां आंचल की मां को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया, जबकि अन्य आरोपियों को तीन दिन की पुलिस कस्टडी मिली है।

पुलिस के अनुसार हत्या की मुख्य वजह जातिगत विरोध थी। आंचल ममीडवार स्पेशल बैकवर्ड क्लास से है, जबकि सक्षम दलित समुदाय से संबंध रखता था। बताया गया कि दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद भी था और संबंध खत्म न करने की स्थिति में सक्षम की हत्या कर दी गई।

About The Author