जशपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार, CM विष्णुदेव साय ने 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट को दिखाई हरी झंडी

दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के हाट-बाजारों में मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा, इलाज के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी होगी कम

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की चार मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए जिले के दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीकी हाट-बाजारों में निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से खासतौर पर उन ग्रामीणों को राहत मिलेगी, जिन्हें इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। जनजातीय बहुल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में किसी भी व्यक्ति को उपचार से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हाट-बाजारों में ही मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर भौगोलिक रूप से विस्तृत और वनांचल क्षेत्रों वाला जिला है। ऐसे में मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में प्रभावी भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने कहा कि हाट-बाजार ग्रामीण जीवन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन स्थानों पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीण अपने दैनिक कामकाज के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी ले सकेंगे। इससे उपचार के लिए दूर स्थित स्वास्थ्य संस्थानों तक जाने में लगने वाले समय और खर्च में कमी आएगी।

जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की पहल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। चार मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत से जशपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और दूरस्थ क्षेत्रों के जरूरतमंद नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला हैं। राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ ऐसी जनहितकारी पहलों को भी प्रोत्साहित कर रही है, जिनसे स्वास्थ्य सुविधाएं सीधे लोगों तक पहुंच सकें।

कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author