पाकिस्तान के पेशावर में बड़ा हादसा: स्कूल की छत गिरने से 29 लोगों की मौत, 40 से अधिक घायल
पाकिस्तान के पेशावर में एक निजी स्कूल की छत गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। अफरीदी आबाद इलाके में हुई इस घटना में 28 बच्चों और एक महिला शिक्षिका समेत कुल 29 लोगों की मौत की खबर है। हादसे में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। बचाव दल मलबे में दबे बच्चों और स्कूल कर्मचारियों को बाहर निकालने में जुटे हैं।
मलबे में दबे बच्चों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, छत गिरने के बाद कई बच्चे मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही रेस्क्यू 1122 की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत अभियान शुरू किया। बचावकर्मी मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 29 बताई गई।
स्कूल मालिक गिरफ्तार, हादसे की जांच शुरू
पेशावर के पुलिस प्रमुख (CCPO) डॉ. मियां सईद के मुताबिक, हादसे में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि स्कूल की छत किन परिस्थितियों में गिरी और हादसे की मुख्य वजह क्या थी।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया दुख
इस घटना पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृत बच्चों और अन्य लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने और राहत एवं बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर ने मांगी रिपोर्ट
खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए संबंधित अधिकारियों से घटना की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने घायल बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक ने मृत बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
