समंदर में 10 घंटे चला ऑपरेशन: ईरानी नाव से करोड़ों की ड्रग्स बरामद, एटीएस और कोस्ट गार्ड को बड़ी सफलता

अहमदाबाद। गुजरात एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल ने संयुक्त अभियान में समुद्र के रास्ते हो रही नशीले पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। हाई सीज पर चलाए गए ऑपरेशन में ईरान से आ रही एक मछली पकड़ने वाली नाव से 200 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किए गए। कार्रवाई में दो ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।

एटीएस के अनुसार पोरबंदर तट से करीब 140 नॉटिकल मील दूर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास भारतीय जलक्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद तटरक्षक बल के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया, जो करीब आठ से दस घंटे तक चला। सोमवार शाम करीब 8 बजे स्पीड बोट को रोका गया और तलाशी के दौरान 203 पैकेट में सफेद पाउडर जैसा पदार्थ मिला।

दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पोरबंदर लाया जा रहा है। बरामद पदार्थ को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि खेप ईरान से लाई गई थी और इसे पंजाब के एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। स्पीड बोट को भी जब्त कर लिया गया है।

गुजरात एटीएस के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल सुनील जोशी ने बताया कि मामले में अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले अप्रैल में भी एटीएस और तटरक्षक बल ने संयुक्त कार्रवाई में अरब सागर से करीब 300 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए थे, जिसकी कीमत लगभग 1,800 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

About The Author