बिलासपुर में बर्ड फ्लू के चलते मांस दुकानें बंद, आर्थिक संकट से जूझ रहे व्यापारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन द्वारा 10 किलोमीटर के दायरे में मांस की दुकानों पर लगाए गए प्रतिबंध से व्यापारी गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। बिलासपुर पोल्ट्री एसोसिएशन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर इस समस्या के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले 15 दिनों से दुकानें बंद रहने के कारण उनके परिवारों का भरण-पोषण करना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
पोल्ट्री फार्म संचालकों और मुर्गा व्यापारियों के अनुसार, पहले नवरात्रि के दौरान प्रतिबंध और अब बर्ड फ्लू की पुष्टि के कारण क्षेत्र की दुकानें और फार्म पूरी तरह बंद हैं। व्यापारियों ने दावा किया है कि इस मंदी के चलते उन्हें प्रतिदिन लगभग 2 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए उन्हें दोबारा दुकानें खोलने की अनुमति दी जाए।
इस बीच, केंद्रीय जांच कमेटी की चार सदस्यीय टीम सोमवार को स्थिति का जायजा लेने बिलासपुर पहुंच चुकी है। टीम ने सबसे पहले हॉटस्पॉट घोषित कुक्कुट पालन केंद्र का दौरा किया और आसपास बनाए गए कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण कर जमीनी हालातों का आकलन किया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिबंध हटाने या ढील देने का अंतिम फैसला केंद्रीय टीम की विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित दायरे में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
