पुतिन की भारत यात्रा पर विश्व की नजरें, आज मोदी से मुलाकात और रात्रिभोज

नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार को अपने विशेष विमान से नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। वे हाल के वर्षों में रूस की सबसे बड़ी कैबिनेट स्तर की टीम के साथ भारत आएंगे। दिल्ली पहुंचते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके निवास पर लंबी मुलाकात होगी तथा उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया गया है।

शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की अगुवाई में 23वां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन होगा। वैश्विक स्तर पर रूस से किफायती तेल खरीद को लेकर अमेरिका द्वारा भारत पर बनाए जा रहे दबाव के बीच पुतिन की यह यात्रा विशेष महत्व रखती है।

यात्रा से पहले भारतीय विदेश मंत्रालय और क्रेमलिन ने संकेत दिया है कि इस बार आर्थिक एवं व्यापारिक मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहेंगे। इसका प्रमाण यह है कि पुतिन के साथ आर्थिक विकास मंत्री मैक्सिम रेशेतनिकोव, व्यापार एवं उद्योग उपमंत्री एलेक्सी ग्रूजदेव, कृषि मंत्री ओक्साना लुट, डिजिटल संचार मंत्री सर्गेई कुशचेव, स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराशको, विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव तथा रक्षा मंत्री आंद्रे बेलौसोव जैसे प्रमुख मंत्री भारत आ रहे हैं। यह हाल के वर्षों में किसी विदेश दौरे पर रूसी सरकार का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल है।

व्यापारिक गतिविधियों को रफ्तार देने के लिए रूस की 75 बड़ी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी एवं वरिष्ठ अधिकारी पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। शुक्रवार दोपहर को दोनों देशों की 75-75 प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ मोदी और पुतिन की संयुक्त बैठक होगी।

भारत का जोर द्विपक्षीय व्यापार असंतुलन को कम करने पर है। 2024-25 में दोनों देशों के बीच कुल व्यापार 68 अरब डॉलर रहा, जिसमें भारत का निर्यात मात्र 5 अरब डॉलर था। रूस भारतीय कंपनियों को रिटेल, आईटी और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित कर रहा है, जबकि भारत चाहता है कि रूस कृषि उत्पाद, फार्मास्यूटिकल्स एवं अन्य वस्तुओं का अधिक आयात करे। हाल ही में रूस ने भारत से आलू, अनार और समुद्री मछली का आयात शुरू किया है, लेकिन व्यापार घाटे को पाटने के लिए यह पर्याप्त नहीं है।

रक्षा सहयोग पर भी चर्चा होगी, हालांकि सूत्रों के अनुसार अभी किसी बड़े सौदे पर सहमति की संभावना कम है। भारतीय रक्षा उपकरणों में रूस की हिस्सेदारी तेजी से घटी है, जो वर्तमान में 36 प्रतिशत है।

शुक्रवार शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पुतिन के सम्मान में रात्रिभोज की मेजबानी करेंगी।

About The Author