थम नहीं रहा धमकियों का दौर: रांची के बाद अब धनबाद कोर्ट को उड़ाने का ई-मेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
धनबाद रांची। झारखंड में न्यायालय और प्रशासनिक परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला जारी है। ताजा मामला धनबाद का है, जहां बुधवार को अज्ञात शरारती तत्व ने ई मेल भेजकर सिविल कोर्ट परिसर में बम लगाए जाने का दावा किया। सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ई मेल से मिली धमकी की जानकारी जिला जज और पुलिस प्रशासन को दी गई। एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया। वकीलों, मुवक्किलों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान में जुट गया।
कोर्ट के सभी प्रवेश द्वारों को सील कर दिया गया। हाजत, कोर्ट रूम, वकीलों के चैंबर और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की गई। देर शाम तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई थी।
इससे पहले 12 फरवरी को रांची समाहरणालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ई मेल मिला था। संदेश में सल्फर नाइट्रेट आधारित विस्फोटक के इस्तेमाल का दावा किया गया था और यह भी कहा गया था कि बम निरोधक दस्ता उसे पकड़ नहीं पाएगा। सूचना के बाद पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर प्रशासनिक भवनों, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की आधुनिक उपकरणों से जांच की गई थी, लेकिन वहां भी कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।
उल्लेखनीय है कि 6 फरवरी को रांची को भी ई मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी घंटों तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने ताजा मामलों को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया है। ई मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और सर्वर की तकनीकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी धमकियों के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।
