जशपुर में अंधविश्वास का कहर: बच्चों के बीमार होने के शक में वृद्ध महिला की डंडे से पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत गितारीपानी गांव में शुक्रवार रात एक भयावह घटना ने गांववालों को झकझोर कर रख दिया। अंधविश्वास के चलते 71 वर्षीय वृद्ध महिला फूलमइत बाई की एक युवक ने लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पहाड़ी कोरवा छंदनू राम (31 वर्ष) पुत्र मंगरू अपने बच्चों के बार-बार बीमार होने के शक में वृद्ध महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगा बैठा था। इसी अंधविश्वास और शक ने उसे हैवान बना दिया और उसने महिला की हत्या कर दी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतिका रात में खाना खाकर अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके सिर और चेहरे पर कई बार डंडे से वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना शनिवार सुबह मिलते ही बगीचा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के निर्देश पर, एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार और एसडीओपी दिलीप कोसले के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बगीचा एसडीओपी दिलीप कोसले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। यह जघन्य घटना इलाके में डर का माहौल पैदा कर गई है।

About The Author