छत्तीसगढ़ में अटल आरोग्य लैब की शुरुआत, 1051 स्वास्थ्य केंद्रों तक विस्तार होगा
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए भारत सरकार के उपक्रम एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन कर राज्य में अटल आरोग्य लैब संचालित करने का निर्णय लिया है। यह पहल स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में साकार हो रही है।
इस योजना के तहत पहली प्रयोगशाला 14 अप्रैल 2026 को जगदलपुर जिले में शुरू की जाएगी। प्रदेश में छत्तीसगढ़ इंटीग्रेटेड डायग्नोस्टिक मैनेजमेंट सिस्टम (सीजीआईडीएमएस) विकसित किया जा रहा है, जो ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल पर कार्य करेगा।
इस नेटवर्क में एक राज्य स्तरीय रेफरल लैब, चार संभागीय लैब, 33 जिला लैब, 12 सिविल अस्पताल लैब, 187 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैब शामिल होंगी, जबकि 814 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नमूना संग्रहण केंद्र के रूप में कार्य करेंगे। इस प्रकार कुल 1051 स्वास्थ्य संस्थानों में जांच सुविधाओं का विस्तार होगा।
नई व्यवस्था के तहत जिला अस्पतालों में 134, सिविल अस्पतालों में 111, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 97 तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 64 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पैथोलॉजी से लेकर मॉलिक्यूलर जांच तक की सेवाएं एक ही प्रणाली के अंतर्गत मिलेंगी। आधुनिक तकनीक से लैस इन प्रयोगशालाओं में जांच रिपोर्ट कम समय में तैयार होकर सीधे मरीज के मोबाइल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। जिला स्तरीय प्रयोगशालाएं शीघ्र प्रारंभ होंगी और आगामी तीन माह में पूरा नेटवर्क क्रियाशील हो जाएगा। एक अत्याधुनिक मॉनिटरिंग डैशबोर्ड और कमांड सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जिससे जांच सेवाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर रियल-टाइम निगरानी रखी जा सकेगी।
