उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके, अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा पर रहा केंद्र
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ सहित उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई, जिसका केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमावर्ती क्षेत्र बताया जा रहा है।
भूकंप के कारण जम्मू-कश्मीर में दो बार कंपन महसूस किया गया, जिससे स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, नोएडा और दिल्ली के अन्य इलाकों में लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए।
राहत की बात यह है कि अब तक कहीं से भी किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में इस वर्ष महसूस किया गया यह तीसरा भूकंप है। वर्तमान में प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
