शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1200 अंक टूटा, निवेशकों के 7 लाख करोड़ डूबे

मुंबई।
गुरुवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। शुरुआत में बढ़त के साथ खुले बाजार में कारोबार के आखिरी घंटे में तेज बिकवाली के चलते बड़ा गिरावट भरा माहौल बन गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में 1200 अंक से अधिक की गिरावट आई, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक 365 अंक टूटकर बंद हुआ। गिरावट के कारण निवेशकों की संपत्ति में 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी दर्ज की गई।

सेंसेक्स 83,969 के स्तर पर खुलने के बाद 1236.11 अंक टूटकर 82,498 पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिन यह 83,734.25 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 25,873 पर खुलकर 365 अंक गिरकर 25,454.35 पर बंद हुआ, जबकि बुधवार को यह 25,819 पर बंद हुआ था।

गिरावट के चलते सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 472 लाख करोड़ रुपये से घटकर करीब 465 लाख करोड़ रुपये रह गया। बैंकिंग, मेटल, ऑटो और आईटी सहित अधिकांश सेक्टरों में भारी बिकवाली देखी गई।

विशेषज्ञों के अनुसार गिरावट का मुख्य कारण मुनाफावसूली रहा। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का भी असर बाजार पर पड़ा।

बड़ी कंपनियों के शेयरों में भी कमजोरी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज और अडानी पोर्ट्स समेत कई प्रमुख कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। लार्जकैप श्रेणी में इंडिगो, एम एंड एम, ट्रेंट, बीईएल, कोटक बैंक और रिलायंस के शेयरों में कमजोरी रही, जबकि मिडकैप में हिंदुस्तान पेट्रोलियम, पेटीएम और गोदरेज प्रॉपर्टीज के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई।

About The Author