डॉ. शिवमंगल सिंह ‘सुमन’ जयंती: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि, साहित्य जगत को बताया उनकी अमूल्य धरोहर
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिंदी के सुप्रसिद्ध कवि, लेखक, शिक्षाविद् तथा साहित्य अकादमी पुरस्कार, पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित डॉ. शिवमंगल सिंह ‘सुमन’ की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. शिवमंगल सिंह ‘सुमन’ हिंदी साहित्य के ऐसे युगप्रवर्तक रचनाकार थे, जिनकी ओजस्वी, प्रेरणादायी और कालजयी रचनाएं आज भी साहित्य प्रेमियों को नई ऊर्जा प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. सुमन ने अपनी लेखनी के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, मानवीय मूल्यों और सामाजिक चेतना को नई दिशा दी। उनका साहित्य आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता रहेगा और हिंदी साहित्य को सदैव समृद्ध एवं सुवासित बनाए रखेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. शिवमंगल सिंह ‘सुमन’ का साहित्यिक योगदान भारतीय साहित्य की अमूल्य धरोहर है। उनकी रचनाएं केवल शब्दों का संकलन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण, संवेदना तथा सांस्कृतिक चेतना का जीवंत दस्तावेज हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से डॉ. सुमन के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर साहित्य, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
