प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई अस्पताल में भर्ती, आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
दुर्ग। पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें रायपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां न्यूरो सर्जरी वार्ड के आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय तीजन बाई वर्ष 2024 से लकवे की बीमारी से पीड़ित हैं। बताया जा रहा है कि पिछले करीब 20 दिनों से वह केवल जूस और फलों के सहारे ही रह रही थीं।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान उनके परिजनों से तीजन बाई के स्वास्थ्य को लेकर चर्चा की गई थी। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
तीजन बाई ने छत्तीसगढ़ की लोककला पंडवानी को देश और विदेश में विशेष पहचान दिलाई है। वह पंडवानी की कपालिक शैली की प्रमुख कलाकार हैं और अब तक करीब 17 देशों में अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं।
