RBSK ने बदली 6 माह के आरुष की जिंदगी, निःशुल्क क्लेफ्ट लिप ऑपरेशन से मिली नई मुस्कान

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आ रहा है। समय पर बीमारी की पहचान और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क उपचार के माध्यम से यह योजना हजारों बच्चों को स्वस्थ जीवन देने का कार्य कर रही है। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले के छह माह के मासूम आरुष कुमार यादव को सफल क्लेफ्ट लिप (कटे होंठ) ऑपरेशन के बाद नई मुस्कान और बेहतर भविष्य मिला है।

जन्म से कटे होंठ की समस्या से था परेशान

वाड्रफनगर विकासखंड के जनकपुर निवासी आरुष कुमार यादव जन्म से कटे होंठ की समस्या से पीड़ित था। इस कारण उसे दूध पीने में काफी कठिनाई होती थी। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि महंगा इलाज करा सके, जिससे परिजन लगातार चिंता में थे।

RBSK टीम ने समय पर की पहचान

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान आरबीएसके टीम ने आरुष की पहचान की। आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे रायपुर स्थित मेडिसिन हॉस्पिटल में निःशुल्क उपचार के लिए रेफर किया गया।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी और आरबीएसके टीम के समन्वय से आरुष का सफल क्लेफ्ट लिप ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद बच्चे के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और अब वह सामान्य रूप से स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहा है।

परिवार के चेहरे पर लौटी मुस्कान

आरुष के पिता अखिलेश यादव ने भावुक होकर कहा कि यदि शासन और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग नहीं मिलता तो उनके लिए इस महंगे उपचार की व्यवस्था करना संभव नहीं था। उन्होंने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आरबीएसके टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिले इलाज ने उनके बेटे को नया जीवन और पूरे परिवार को नई उम्मीद दी है।

गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही योजना

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के माध्यम से बच्चों में जन्मजात विकार, बीमारियां, कुपोषण और विकास संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनका निःशुल्क उपचार कराया जा रहा है। यह योजना न केवल बच्चों को स्वस्थ जीवन दे रही है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महंगे इलाज के बोझ से भी राहत प्रदान कर रही है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से बच्चों के जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार संभव है। इसी उद्देश्य से जिले में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।

About The Author