नक्सल मुक्त नारायणपुर अब विकास की नई राह पर, शिक्षा से ही बदलेगा भविष्य: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
नारायणपुर।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त हो रहा नारायणपुर अब विकास की नई पहचान गढ़ने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से जिले में विकास का नया दौर शुरू हुआ है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम, नारायणपुर में आयोजित छात्र-छात्राओं के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजवाड़े ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास का महत्व समझाया।
शिक्षा ही सफलता का सबसे बड़ा माध्यम

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा जीवन में बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बच्चों को अभी से अपना लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत और समर्पण के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर कोई भी सपना साकार किया जा सकता है। विद्यार्थियों से उन्होंने अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने और समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
चुनौतियों से घबराएं नहीं, लक्ष्य पर रखें नजर
मंत्री ने कहा कि जीवन में कठिन परिस्थितियां और उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन जो लोग निराश हुए बिना अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ते हैं, वही सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, आत्मविश्वास और मजबूत संकल्प युवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।
बस्तर में शांति और विकास का नया दौर
लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि माओवाद से मुक्ति पूरे बस्तर अंचल और देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियानों से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बना है।
उन्होंने कहा कि अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे नारायणपुर सहित पूरा बस्तर संभाग विकास के नए युग की ओर बढ़ रहा है।
बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी लुपेन्द्र महिनाग, रामकृष्ण मिशन आश्रम के प्राचार्य भवन्तकानंद, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
