रायपुर की कुख्यात लेडी डॉन मुस्कान रात्रे जिला बदर, 6 जिलों में 3 माह तक प्रवेश पर रोक
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी और चर्चित “लेडी डॉन” मुस्कान रात्रे को जिला बदर कर दिया है। पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुस्कान रात्रे को आगामी तीन माह तक रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मुस्कान रात्रे के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, धमकी, अवैध गांजा बिक्री, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब कारोबार सहित 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ रायपुर समेत विभिन्न जिलों के कई थानों में अपराध पंजीबद्ध हैं।
बताया जाता है कि मुस्कान रात्रे की गिरफ्तारी पुलिस के लिए कई बार चुनौती बन जाती थी। पुलिस टीम जब भी उसे पकड़ने पहुंचती, तब वह कभी पालतू कुत्तों को छोड़ देती थी तो कभी गैस सिलेंडर चालू कर उस पर बैठकर आत्महत्या की धमकी देने लगती थी। ऐसी परिस्थितियों के कारण कई बार पुलिस को बिना कार्रवाई किए लौटना पड़ा था।
पुलिस का कहना है कि लगातार प्रतिबंधात्मक और दंडात्मक कार्रवाई के बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। इसके चलते जिला पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस कमिश्नर ने उसे जिला बदर करने का आदेश जारी किया।
अपराध पर अंकुश लगाने के लिए उठाया कदम
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिला बदर आदेश का उद्देश्य अपराधी के प्रभाव क्षेत्र को समाप्त करना और उसके द्वारा संचालित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। इससे क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और गवाहों में व्याप्त भय एवं असुरक्षा की भावना को कम करने में मदद मिलेगी।
आदेश उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर अवधि के दौरान यदि मुस्कान रात्रे बिना सक्षम अनुमति के प्रतिबंधित जिलों की सीमा में प्रवेश करती है, तो उसके खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
