रायपुर: दिल्ली धमाके के बाद हाई अलर्ट, सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी

रायपुर। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के निकट हुए भीषण विस्फोट के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को उच्च स्तरीय अलर्ट पर ला दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट, जयस्तंभ चौक और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को चौबीस घंटे पेट्रोलिंग बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को तत्काल सक्रिय कर दिया गया है।

शहर के सभी सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। रायपुर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की तलाशी प्रक्रिया को और कड़ा कर दिया गया है।

पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध वस्तु, वाहन या व्यक्ति की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने में देने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से दूर रहने और शहर में शांति बनाए रखने का आग्रह किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में रायपुर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी एहतियाती उपाय युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। पूरे छत्तीसगढ़ में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

About The Author