रायपुर जिला न्यायालय में अधिवक्ता संघ चुनाव को लेकर उत्साह, बड़ी संख्या में वकील कर रहे मतदान
Raipur District Court परिसर में आज अधिवक्ता संघ चुनाव 2026 को लेकर सुबह से ही गहमागहमी का माहौल देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर के जिला न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में अधिवक्ता मतदान करने पहुंच रहे हैं। चुनाव को लेकर वकीलों में खासा उत्साह नजर आ रहा है और पूरे कोर्ट परिसर में चुनावी चर्चा गर्म है।
चुनाव प्रक्रिया के तहत विभिन्न पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। अधिवक्ताओं से बातचीत में सामने आया कि इस बार का चुनाव कई मायनों में खास माना जा रहा है। बड़ी संख्या में प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, वहीं महिला अधिवक्ताओं को भी इस बार विशेष प्रतिनिधित्व दिया गया है। महिला आरक्षण के तहत महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से महिला वकीलों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
युवा अधिवक्ताओं ने भी चुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि वे ऐसे नेतृत्व का चयन चाहते हैं जो अधिवक्ताओं के हित में कार्य करे और कोर्ट परिसर में मौजूद मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दे। युवा वकीलों का मानना है कि नई कार्यकारिणी को अधिवक्ताओं की सुविधाओं, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य आवश्यक मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
वहीं चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों का कहना है कि यदि उन्हें जीत मिलती है, तो वे अधिवक्ताओं के हित में तीन प्रमुख कार्यों को प्राथमिकता देंगे। हालांकि प्रत्याशियों ने अपने-अपने एजेंडे को लेकर अलग-अलग दावे किए हैं, लेकिन सभी का फोकस अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान पर है।
फिलहाल मतदान प्रक्रिया लगातार जारी है और बड़ी संख्या में अधिवक्ता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक चुनाव परिणाम कल शाम तक आने की संभावना जताई जा रही है। अब सभी की नजर चुनावी नतीजों पर टिकी हुई है कि आखिर इस बार अधिवक्ता संघ की कमान किसके हाथ में जाएगी।
