रायपुर: भाजपा संगठन महामंत्री की मंत्रियों से बंद कमरे की बैठक, राष्ट्रपति सरगुजा दौरे की तैयारियां तेज

रायपुर। प्रदेश भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल और प्रदेश महामंत्री पवन साय ने बुधवार शाम ठाकरे परिसर में सात मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में डिप्टी सीएम अरूण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल सहित अन्य मंत्री उपस्थित रहे।

सूत्रों के अनुसार बैठक का मुख्य एजेंडा 20 नवंबर को राष्ट्रपति के सरगुजा प्रवास की तैयारियां था। इसके अलावा एसआईआर अभियान, धान खरीदी व्यवस्था, सरगुजा क्षेत्र में सड़क स्थिति और आगामी 14 नवंबर की कैबिनेट बैठक से पहले विभागीय तैयारियों की समीक्षा की गई।

डिप्टी सीएम अरूण साव ने बैठक को राज्य स्तरीय योजनाओं की समीक्षा बताया। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने धान खरीदी केंद्रों में किसानों को सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शिक्षक नियुक्ति और नवाचारों पर चर्चा की पुष्टि की। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा में पर्यटन स्थलों और सड़कों की तैयारियों की जानकारी दी।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आने की चर्चा रही लेकिन वे शामिल नहीं हुए। भाजपा नेताओं ने मंत्रियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पार्टी संगठन पूरा सहयोग देगा और जनहित में तेजी से काम हो। बैठक को सरगुजा दौरे और प्रशासनिक समन्वय की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

About The Author