फुंडहर चौक पर ओवरपास को मंजूरी, यातायात को मिलेगी राहत

रायपुर। राजधानी के व्यस्ततम मार्गों में शामिल वीआईपी रोड पर फुंडहर चौक में ओवरपास निर्माण के लिए राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना के लिए 5607.35 लाख रुपये (लगभग 56 करोड़ रुपये) की स्वीकृति प्रदान की है। इस कार्य हेतु टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

यह मार्ग स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट और नया रायपुर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी रूट है। नया रायपुर, एयरपोर्ट, माना और आसपास के क्षेत्रों से शहर में आने-जाने वाले वाहनों के कारण इस मार्ग पर स्थायी रूप से भारी ट्रैफिक दबाव बना रहता है।

फुंडहर चौक पर ओवरपास बनने से फुंडहर, माना, टेमरी और धरमपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों के तीन लाख से अधिक नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। इस परियोजना से यातायात सुगम, व्यवस्थित एवं बाधारहित होने के साथ ही जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।

About The Author