अफीम खेती और गैस संकट: विपक्ष के आरोपों पर सरकार का हमला, कहा- गुमराह कर रही कांग्रेस

रायपुर। प्रदेश में अफीम की खेती को लेकर दिए गए बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसी भी अवैध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाती है। मामले सामने आने के बाद दुर्ग में भी तुरंत कार्रवाई की गई है और सरकार अवैध कामों को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

केदार कश्यप ने कहा कि पांच साल तक सत्ता में रही कांग्रेस सरकार के दौरान कोयला और शराब जैसे घोटाले हुए और अपराधियों को संरक्षण दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब बेबुनियाद आरोप लगाकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।

घरेलू गैस की किल्लत को लेकर विपक्ष द्वारा लाए गए स्थगन प्रस्ताव पर कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 62 लाख से अधिक घरेलू गैस कनेक्शन हैं और सरकार इसकी नियमित मॉनिटरिंग कर रही है। प्रदेश में कहीं भी गैस की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को सदन में उठाकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहा है, जबकि यह समस्या वैश्विक स्तर से जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकार इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इसमें सकारात्मक पहल भी देखने को मिल रही है। कश्यप ने आरोप लगाया कि विपक्ष लोगों में डर और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। अगर कांग्रेस को अपनी बात रखनी है तो उसे इस मुद्दे को संसद में उठाना चाहिए।

दरअसल, विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में अफीम की खेती को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि प्रदेश में अफीम की खेती हो रही है और इसमें भाजपा से जुड़े लोगों का हाथ है। बघेल ने यह भी कहा कि पहले प्रदेश के लोग अफीम और डोडा के बारे में नहीं जानते थे, लेकिन अब नगरी और सिहावा क्षेत्र में भी अफीम की खेती की जानकारी सामने आ रही है।

बघेल ने तंज कसते हुए कहा था कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के बजाय सौ गुना बढ़ाने की रणनीति बना रही है। उन्होंने अफीम की खेती को नया स्टार्टअप बताते हुए कहा कि इससे लोगों को रोजगार मिलेगा और सरकार ने अन्य फसलों की तरह अफीम को भी फसल की श्रेणी में शामिल कर दिया है।

About The Author